चाइना मास्टर्स में तन्वी शर्मा का दमदार संघर्ष, मियाजाकी ने ऐसे रोका सफर

शेनझेन। भारतीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा का चाइना मास्टर्स 2026 में सफर अंतिम-16 में समाप्त हो गया। 66 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में उन्हें जापान की विश्व नंबर-9 तोमोक मियाजाकी के खिलाफ 17-21, 21-18, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। तन्वी ने मुकाबले में कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक गेम में जापानी खिलाड़ी के दबाव का सामना नहीं कर सकीं।

तन्वी ने टूर्नामेंट के पहले दौर में डेनमार्क की अमाली शुल्ज को 21-16, 21-17 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई थी। दूसरी ओर, मियाजाकी ने अपनी हमवतन हिना अकेची को तीन गेम के मुकाबले में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया था।

दोनों खिलाड़ियों की यह दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले इंडोनेशिया मास्टर्स में मियाजाकी ने तन्वी को तीन गेम में हराया था। चाइना मास्टर्स में भी मुकाबला शुरुआत से ही बेहद प्रतिस्पर्धी रहा।

पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी, लेकिन मियाजाकी ने महत्वपूर्ण मौकों पर अंक हासिल करते हुए 21-17 से गेम अपने नाम किया। तन्वी ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की। उन्होंने शुरुआत में 8-2 की बढ़त बनाई, हालांकि मियाजाकी ने स्कोर 10-10 से बराबर कर दिया। इसके बाद तन्वी ने संयम बनाए रखा और 21-18 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक गेम में तन्वी ने फिर अच्छी शुरुआत की और ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बनाए रखी। हालांकि, ब्रेक के बाद मियाजाकी ने लगातार दबाव बनाते हुए 11-11 से बराबरी कर ली। इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने लय हासिल कर ली और 21-16 से निर्णायक गेम जीत लिया। ब्रेक के बाद तन्वी केवल पांच अंक ही हासिल कर सकीं और उनका चाइना मास्टर्स अभियान यहीं समाप्त हो गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.