इंदौर जू में गूंजी किलकारियां, सुंदरी ने दिए दो शावकों को जन्म

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में शेरों के कुनबे में एक बार फिर इजाफा हुआ है। जू की शेरनी सुंदरी ने दो शावकों को जन्म दिया है। दोनों शावक स्वस्थ बताए जा रहे हैं और फिलहाल अपनी मां के साथ ही रह रहे हैं। इनके जन्म के बाद इंदौर जू में शेरों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

जू प्रबंधन के मुताबिक, सुंदरी पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार नजर नहीं आ रही थी। उसके गर्भावस्था के दौर को देखते हुए पहले से ही संभावना जताई जा रही थी कि वह जल्द ही शावकों को जन्म दे सकती है। पिछले तीन-चार दिनों से उसके गुफा से बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों को प्रसव की आशंका हुई। बाद में पुष्टि हुई कि सुंदरी ने करीब तीन दिन पहले दो शावकों को जन्म दिया है।

जू प्रभारी उत्तम यादव ने बताया कि सुंदरी और उसके दोनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। अभी शावकों को मां से अलग नहीं किया गया है, इसलिए उनका लिंग निर्धारित नहीं किया गया है। जू कर्मचारी सुंदरी के व्यवहार और दोनों शावकों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। मां भी अपने बच्चों की अच्छी तरह देखभाल कर रही है।

इंदौर जू में पिछले कुछ समय से शेरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। करीब आठ महीने पहले शेरनी मेघा ने तीन शावकों को जन्म दिया था। अब सुंदरी के दो शावकों के आने से यहां शेरों की संख्या 14 पहुंच गई है। इससे जू प्रबंधन और कर्मचारियों में भी उत्साह है।

जू में हाल ही में दुर्लभ सफेद हिरण के जन्म से भी दर्शकों में उत्साह देखने को मिला था। अब शेरनी सुंदरी के दो नन्हे शावक जू के नए आकर्षण बन गए हैं। हालांकि, जू प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उन्हें पर्यटकों के सामने नहीं लाया जाएगा। विशेषज्ञों और चिकित्सकों की निगरानी में शावकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। उनके पूरी तरह स्वस्थ होने और उचित विकास की पुष्टि के बाद ही उन्हें दर्शकों के लिए प्रदर्शित करने का निर्णय लिया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.