मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर तस्वीर जल्द साफ हो सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की 5 सितंबर को होने वाली आम बैठक (AGM) में तय किया जाएगा कि अगरकर का कार्यकाल बढ़ाया जाएगा या चयन समिति को नया अध्यक्ष मिलेगा। अगरकर का मौजूदा कार्यकाल इसी महीने समाप्त होने जा रहा है।
रिपोर्टों के मुताबिक, BCCI अगरकर के कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ाने पर विचार कर सकता है। उन्हें बोर्ड और भारतीय टीम के भीतर पर्याप्त समर्थन मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, अंतिम निर्णय इस बात पर भी निर्भर करेगा कि अगरकर स्वयं इस पद पर आगे बने रहना चाहते हैं या नहीं।
अगरकर ने वर्ष 2023 में मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। टीम 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंची, हालांकि वहां उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारत ने 2024 टी20 विश्व कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 विश्व कप में खिताब अपने नाम किए।
इन सफलताओं के बावजूद टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठे हैं। पिछले करीब दो वर्षों में तीनों प्रारूपों में कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया। वहीं मोहम्मद शमी जैसे कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को चयन से बाहर रखने को लेकर भी चयन समिति की आलोचना हुई।
अगरकर के कार्यकाल में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर विवाद भी काफी चर्चा में रहा। ऐसी खबरें सामने आई थीं कि रोहित के भविष्य को लेकर BCCI के कुछ अधिकारियों और चयन समिति के बीच मतभेद थे। इंग्लैंड दौरे के दौरान यह चर्चा भी तेज हुई कि रोहित लॉर्ड्स में अपना आखिरी टेस्ट खेल सकते हैं। यहां तक कहा गया कि चयन समिति ने उन्हें 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं में शामिल नहीं किए जाने की जानकारी दी थी। हालांकि, बाद में BCCI ने रोहित के संन्यास से जुड़ी खबरों को खारिज कर दिया था।
अब अगले साल होने वाले महत्वपूर्ण विश्व कप और अन्य ICC टूर्नामेंट को देखते हुए अगरकर के भविष्य पर BCCI का फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। 5 सितंबर की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा कि भारतीय क्रिकेट की चयन प्रक्रिया की कमान आगे भी अगरकर के हाथों में रहेगी या नया चेहरा जिम्मेदारी संभालेगा।