मुंबई। अभिनेत्री करीना कपूर खान अपनी आगामी फिल्म ‘दायरा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर अपने अनुभव साझा करते हुए करीना ने कहा कि इस प्रोजेक्ट ने उन्हें मुंबई और समाज के उन पहलुओं से परिचित कराया, जिन्हें उन्होंने पहले कभी इतने करीब से नहीं देखा था। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट साझा करते हुए फिल्म की कहानी और अपने किरदार की जटिलताओं पर बात की।
करीना ने बताया कि मुंबई में जन्म लेने और पूरी जिंदगी इसी शहर में बिताने के बावजूद ‘दायरा’ की शूटिंग के दौरान उन्हें शहर के कई ऐसे हिस्सों में जाने का अवसर मिला, जिनसे वह पहले अनजान थीं। देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा करने के बावजूद उन्हें लगता था कि वह मुंबई और भारत को अच्छी तरह समझती हैं, लेकिन फिल्म ने उनकी इस धारणा को बदल दिया।
अभिनेत्री के मुताबिक, ‘दायरा’ ने उनकी रचनात्मक सोच के साथ-साथ सामाजिक समझ को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि समाज और जिंदगी को सिर्फ सही और गलत या काले और सफेद नजरिए से नहीं देखा जा सकता। इनके बीच एक बड़ा ‘ग्रे एरिया’ भी होता है, जहां परिस्थितियां और इंसानी फैसले बेहद जटिल हो जाते हैं। फिल्म इसी जटिल दुनिया को समझने की कोशिश करती है।
फिल्म की कहानी दोहरेपन के विचार के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसके दो प्रमुख किरदार कानून, न्याय और उसके सिद्धांतों से जुड़े एक ऐसे सफर पर निकलते हैं, जहां परिस्थितियां उन्हें सही और गलत की स्पष्ट सीमाओं के बीच खड़ा कर देती हैं। करीना के अनुसार, दोनों पात्रों के फैसलों को पूरी तरह सही या गलत करार देना आसान नहीं होगा।
‘दायरा’ में करीना कपूर खान अजूनी की भूमिका निभा रही हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन रमन के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में हिंदी और मलयालम सिनेमा के दो चर्चित कलाकार पहली बार एक खास कहानी के लिए साथ दिखाई देंगे।
करीना ने अपने किरदार अजूनी को मजबूत और चुनौतीपूर्ण बताया है। उनके मुताबिक अजूनी कठिन परिस्थितियों और मुश्किल लोगों को भी मुस्कुराते हुए संभालने की क्षमता रखती है। दूसरी ओर रमन गंभीर स्वभाव का व्यक्ति है, जो अपने भीतर के गुस्से को दबाकर रखता है। करीना का कहना है कि ‘दायरा’ में दर्शकों को उनका अब तक का एक अलग और अनदेखा रूप देखने को मिलेगा।