दम्माम-दिल्ली फ्लाइट में बम की धमकी, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

अहमदाबाद,  सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद सोमवार को हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से विमान को तत्काल अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

विमान के सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उसे सामान्य पार्किंग क्षेत्र से अलग आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया। विमान में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विशेष बसों के जरिए टर्मिनल-2 पहुंचाया गया। यात्रियों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और विमान की विस्तृत जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर फायर विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (बीडीडीएस) की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के साथ यात्रियों के सामान और कार्गो क्षेत्र की भी गहन जांच की।

पुलिस के अनुसार, फ्लाइट के बाथरूम में क्रू मेंबर को कागज का एक टुकड़ा मिला था, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए विमान में मौजूद यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया।

प्राथमिक जांच में विमान से कोई अन्य संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं। धमकी भरा संदेश किसने छोड़ा और इसके पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी जांच की जा रही है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।

घटना के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अधिकारी विमान और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच पूरी होने तक सतर्कता बरत रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.