नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में देश के युवाओं, किसानों, बेटियों और सामाजिक बदलाव से जुड़े कई मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशामुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन में बदलने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि युवा सोशल मीडिया और अपनी रचनात्मकता का इस्तेमाल कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान चलाए गए तिरंगा अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। उन्होंने कहा कि अगस्त का महीना देशभक्ति की भावना से जुड़ा है और ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के कारण इस बार इसका महत्व और बढ़ गया है।
पीएम मोदी ने देश में एवोकाडो की बढ़ती मांग और इसकी खेती से किसानों को हो रहे आर्थिक लाभ की चर्चा की। उन्होंने आंध्र प्रदेश के कडपा के किसान वरदराज का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने करीब चार टन एवोकाडो का उत्पादन कर स्थानीय बाजार में इसकी आपूर्ति की। प्रधानमंत्री ने कहा कि बदलती बाजार मांग के अनुरूप नई फसलों की खेती किसानों की आय बढ़ाने में मददगार हो सकती है।
स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित पटवाई गांव के युवाओं आकाश और रोहन की पहल की सराहना की। दोनों ने ‘क्लीन-अप पटवाई’ टीम बनाकर युवाओं को जोड़ा और चार गंगा घाटों की सफाई की। इसके अलावा कई तालाबों को संवारा गया और एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाया गया।
प्रधानमंत्री ने ‘मिशन शक्तिसैट’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने 23 अगस्त को मनाए गए नेशनल स्पेस डे का जिक्र करते हुए अंतरिक्ष क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी को देश के लिए प्रेरणादायक बताया।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने महान अभिनेता उत्तम कुमार को याद करते हुए उनकी जन्म-शताब्दी का उल्लेख किया और उनके संघर्ष व उपलब्धियों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।