भोटेकोशी बाढ़ में राहत अभियान तेज, 116 लोगों का रेस्क्यू

काठमांडू। नेपाल में भोटेकोशी बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को सुरक्षित निकालने का काम भी लगातार जारी है। गुरुवार सुबह 6:30 बजे से हेलीकॉप्टरों के जरिए बचाव अभियान शुरू किया गया और अब तक 15 से अधिक उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त हेलीकॉप्टरों को भी अभियान में लगाया जाएगा।

प्रधानमंत्री शाह के मुताबिक, नेपाली सेना ने रसुवा के टिमुरे में बड़ा बचाव अभियान चलाकर 116 लोगों को सुरक्षित निकाला। इनमें 95 नेपाली नागरिक और 21 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इसी अभियान के दौरान एक सुरंग में फंसे सात नेपाली नागरिकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जनरेटर, पोर्टेबल मोबाइल टावर, चिकित्सा सामग्री और टेंट पहुंचाए जा रहे हैं। इसके अलावा लोहे और पत्थर काटने वाली मशीनें भी प्रभावित इलाकों में भेजी जा रही हैं, ताकि बचाव कार्य में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके। प्रशासन जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और फोन चार्जिंग की अस्थायी सुविधा शुरू करने की तैयारी में है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि नुवाकोट में अस्थायी राहत शिविर तैयार कर लिया गया है। यहां प्रभावित लोगों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं, ड्रोन के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण भी किया जा रहा है। इस सर्वे का काम अंतिम चरण में है, जिससे उन इलाकों की पहचान में मदद मिलेगी जहां तत्काल राहत और बचाव की जरूरत है।

हेलीकॉप्टर से लोगों को निकालने के दौरान गंभीर रूप से बीमार लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का फोकस प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने, संचार व्यवस्था बहाल करने और फंसे लोगों को जल्द सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने पर है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.