काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान जारी है। नेपाली सेना ने गुरुवार सुबह हेलीकॉप्टर की मदद से अभियान चलाकर 123 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में 21 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं।
नेपाली सेना के अनुसार, बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित टिमुरे क्षेत्र से 95 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसके अलावा हाकु क्षेत्र स्थित एक जलविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे सात लोगों को भी सेना के जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, बाढ़ के बाद लापता हुए 21 भारतीय पर्यटकों का भी पता लगाकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर नुकसान की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में संपर्क और आवागमन प्रभावित हुआ है, जिससे राहत एवं बचाव दलों के सामने चुनौती बढ़ गई है। ऐसे में नेपाली सेना ने हेलीकॉप्टरों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर फंसे लोगों को निकालने का अभियान तेज कर दिया है।
सेना ने बताया कि प्रभावित इलाके की अन्य सुरंगों में भी लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल संभावित स्थानों पर पहुंचकर लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों का प्राथमिक लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत पहुंचाना है।
बाढ़ के बाद स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सेना की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं और जरूरत के अनुसार बचाव अभियान का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
भोटेकोशी बाढ़ के कारण उत्पन्न संकट के बीच 21 भारतीय नागरिकों समेत 123 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू बड़ी राहत के रूप में सामने आया है। हालांकि, प्रभावित क्षेत्र की अन्य सुरंगों और दुर्गम इलाकों में तलाश अभियान अभी जारी है।