उत्तरकाशी का नया ट्रेक बनेगा पर्यटन का हॉटस्पॉट, सतपाल महाराज से मिले जगमोहन-विनिता

देहरादून। उत्तरकाशी जिले में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता जगमोहन रावत और विनिता रावत ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से शिष्टाचार भेंट कर बारसू–स्यारी–सूर्यटोप–गिडारा–भंगेली–गंगनानी–गरमकुंड ट्रेक को ‘ट्रेक ऑफ द ईयर’ के रूप में चयनित किए जाने पर बधाई एवं आभार व्यक्त किया।

इस दौरान जगमोहन रावत ने पर्यटन मंत्री को ट्रेक के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। सतपाल महाराज ने कहा कि यह ट्रेक उनके लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने शासन और प्रशासन के साथ समन्वय कर शुभारंभ की तिथि एवं कार्यक्रम को लेकर आवश्यक चर्चा करने का आश्वासन दिया। उनका कहना था कि कार्यक्रम की तैयारी इस प्रकार की जाएगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को पर्याप्त समय और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जगमोहन रावत और विनिता रावत ने कहा कि उत्तरकाशी को ‘ट्रेक ऑफ द ईयर’ मिलना जिले के लिए गौरव और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चयनित दोनों ‘ट्रेक ऑफ द ईयर’ राज्य के साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने में अहम भूमिका निभाएंगे। इन ट्रेकों के विकास से उत्तरकाशी की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पहाड़ी जीवनशैली को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

ट्रेक विकसित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। होमस्टे, स्थानीय उत्पादों की बिक्री, गाइडिंग, परिवहन और अन्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि उत्तरकाशी की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास जारी रहने चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.