After Header-1

देशी गाय की नस्ल बचाने में बड़ी कामयाबी, वैज्ञानिकों ने रचा नया इतिहास

गुवाहाटी। पशुधन विकास और आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य में लखीमी नस्ल की दुनिया की पहली इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) मादा बछिया का जन्म हुआ है। असम वेटरनरी एंड फिशरी यूनिवर्सिटी में हुई इस वैज्ञानिक उपलब्धि को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ऐतिहासिक बताते हुए इससे जुड़े वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आईवीएफ तकनीक के जरिए लखीमी नस्ल की बछिया का जन्म पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के लिए नई संभावनाएं लेकर आया है। उन्होंने कहा कि इससे देशी नस्लों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पशुओं में बेहतर प्रजनन तकनीक के इस्तेमाल का रास्ता खुलेगा। इसके साथ ही बीमारियों पर नियंत्रण, दूध उत्पादन में सुधार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

हिमंता बिस्वा सरमा ने इस वैज्ञानिक सफलता के लिए पशु चिकित्सा वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम की सराहना की। उन्होंने इसे असम में बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक बड़ी छलांग बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि विज्ञान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय परंपराओं के बीच बेहतर तालमेल का उदाहरण है।

लखीमी गाय असम की प्रमुख स्वदेशी नस्लों में शामिल है। यह नस्ल स्थानीय जलवायु और परिस्थितियों के अनुरूप आसानी से ढलने के लिए जानी जाती है। इसके दूध को पौष्टिक और अधिक वसा वाला माना जाता है, जिससे डेयरी क्षेत्र में इसकी उपयोगिता बढ़ जाती है। इसके अलावा लखीमी नस्ल के बैल कृषि कार्यों के लिए भी उपयोगी माने जाते हैं।

इस नस्ल की गायों का आकार अपेक्षाकृत छोटा होता है और इनके रंग भूरे या स्लेटी हो सकते हैं। छोटे पैर और सीधे सींग इसकी प्रमुख शारीरिक विशेषताओं में शामिल हैं। स्थानीय परिस्थितियों में कम देखभाल के बावजूद इनके बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए किसानों के लिए यह नस्ल काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, आईवीएफ तकनीक के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली स्वदेशी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन को नई गति मिल सकती है। असम में हुई यह सफलता भविष्य में पशुधन की गुणवत्ता सुधारने, डेयरी उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम साबित हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.