रूस में 8,500 उत्तर कोरियाई सैनिक! 400 ड्रोन ऑपरेटरों के दावे से मचा हड़कंप

कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरिया की कथित भूमिका को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा सामने आया है। यूक्रेनी रक्षा खुफिया के डिप्टी चीफ मेजर जनरल वादिम स्किबित्स्की ने दावा किया है कि रूस में मौजूद करीब 8,500 उत्तर कोरियाई सैनिकों की नई खेप में लगभग 400 ड्रोन ऑपरेटर भी शामिल हैं। हालांकि, उत्तर कोरिया ने हजारों अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती से जुड़े इन दावों को खारिज कर दिया है।

स्किबित्स्की के मुताबिक, रूस में तैनात उत्तर कोरियाई सैनिकों में बड़ी संख्या कुर्स्क क्षेत्र में मौजूद है। इनमें करीब 1,000 इंजीनियर और माइन हटाने वाले जवान भी बताए गए हैं। यूक्रेनी अधिकारी का दावा है कि लगभग 400 सैनिकों को ड्रोन संचालन का अनुभव है और भविष्य में इनका इस्तेमाल निगरानी के साथ-साथ यूक्रेन में मौजूद लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है।

यह दावा ऐसे समय आया है, जब यूक्रेन एयर डिफेंस सिस्टम और इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी का सामना कर रहा है। यदि उत्तर कोरियाई सैनिकों और ड्रोन ऑपरेटरों की सक्रिय भागीदारी बढ़ती है तो इससे रूस और उत्तर कोरिया के सैन्य सहयोग के और गहरा होने की संभावना जताई जा रही है।

यूक्रेनी खुफिया के अनुसार, सितंबर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बीच संभावित मुलाकात के दौरान रूस उत्तर कोरिया से 50 हजार अतिरिक्त सैनिकों की मांग कर सकता है। यूक्रेनी पक्ष का दावा है कि अब तक करीब 25 हजार उत्तर कोरियाई सैनिक रूस पहुंच चुके हैं या रोटेशन के आधार पर तैनात किए गए हैं।

हालांकि उत्तर कोरिया ने इन खबरों को सिरे से खारिज किया है। किम जोंग उन की बहन और उत्तर कोरिया की प्रभावशाली नेता किम यो जोंग ने अतिरिक्त सैनिक भेजे जाने की खबरों को ‘बेबुनियाद और खुद गढ़ी हुई कहानी’ बताया है।

स्किबित्स्की ने रूस को उत्तर कोरिया की कथित मिसाइल सहायता का भी दावा किया। उनके अनुसार अगस्त 2024 से पहले रूस को कम से कम 150 KN-23 और KN-24 बैलिस्टिक मिसाइलें भेजी गई थीं और 120 अन्य मिसाइलों का वादा किया गया था। यूक्रेन के लिए इन मिसाइलों को गंभीर खतरा माना जाता है, क्योंकि बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकना अपेक्षाकृत कठिन होता है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच रूस और उत्तर कोरिया के सैन्य संबंधों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.