सोमालिया में जहाज हाईजैक, 6 भारतीय फंसे; लदे थे तुर्की के हथियार

पुंटलैंड,  सोमालिया के समुद्री क्षेत्र में समुद्री लुटेरों ने एक कार्गो जहाज को हाईजैक कर लिया है। कैमरून के झंडे वाले इस जहाज पर 10 सदस्यीय दल सवार था, जिसमें छह भारतीय नागरिक शामिल हैं। जहाज को कब्जे में लेने के बाद लुटेरे इसे सोमालिया के पुंटलैंड तट की ओर ले गए। बताया जा रहा है कि जहाज में तुर्की के हथियारों के साथ कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण भी मौजूद थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमाली अधिकारियों ने बताया कि जहाज को पुंटलैंड के ईयल जिले में मर्राया के पास तट से करीब 10 किलोमीटर दूर कब्जे में लिया गया। जहाज का मालिक पोलर मूवमेंट शिपिंग बताया गया है। चालक दल में छह भारतीयों के अलावा एक तुर्की और एक जॉर्जियाई नागरिक तथा दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे।

अधिकारियों के मुताबिक जहाज पर करीब आठ समुद्री लुटेरे सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि यही गिरोह 26 अप्रैल को एम/वी स्वार्ड के हाईजैक में भी शामिल था। जहाज को बाद में पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास ले जाया गया। घटनाक्रम के बीच तुर्की के स्वामित्व वाले दो जहाज भी वहां पहुंचे। इलाके की निगरानी के लिए तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।

मंगलवार को एक छोटी नाव से दो लोग जहाज के पास पहुंचे। नाव के वापस लौटने के बाद इलाके में हवाई हमला हुआ, जिसमें चार लोगों के मारे जाने और दो के घायल होने की खबर है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हवाई हमला किसने किया और मारे गए लोग समुद्री लुटेरे थे या नहीं। जहाज, चालक दल और उसमें मौजूद सामान की वर्तमान स्थिति को लेकर भी आधिकारिक जानकारी स्पष्ट नहीं है।

इस घटना के बीच अदन की खाड़ी में एक अन्य जहाज को हथियारबंद लोगों द्वारा कब्जे में लिए जाने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय नागरिकों की मौजूदगी के कारण ताजा हाईजैक से समुद्री सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय और तुर्की अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.