लंबगांव में पानी की किल्लत पर सीएम धामी सख्त, पंपिंग योजना को मिलेगी रफ्तार

टिहरी/लंबगांव। नगर पंचायत लंबगांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रागड़ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने नगर क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत का मुद्दा उठाते हुए जायका परियोजना के तहत प्रस्तावित पेयजल पंपिंग योजना का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने मामले में अपने स्तर से हरसंभव कार्रवाई का भरोसा दिया।

अध्यक्ष रोशन रागड़ ने मुख्यमंत्री को बताया कि लंबगांव में पेयजल संकट के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई परिवारों को पीने और घरेलू जरूरतों के लिए नगर से दूर प्राकृतिक जलस्रोतों और हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। पानी की समस्या का असर किराएदारों पर भी पड़ रहा है और कई लोग परेशानी के चलते कमरे खाली करने की तैयारी में हैं।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत लंबगांव के लिए जायका परियोजना के अंतर्गत पेयजल पंपिंग योजना पहले से प्रस्तावित है। योजना से संबंधित आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं और इसके लिए भूमि भी उपलब्ध करा दी गई है। विभाग की ओर से उठाई गई आपत्तियों का नगर पंचायत स्तर से निस्तारण किया जा चुका है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में मौजूद सभी पेयजल कनेक्शनों का सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया गया है।

इसके बावजूद योजना का निर्माण अपेक्षित गति से शुरू नहीं हो पाया है। अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से योजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और जल्द निर्माण शुरू कराने का अनुरोध किया।

रोशन रागड़ के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पेयजल सचिव से फोन पर योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबगांव की पेयजल पंपिंग योजना पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुलाकात के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने लंबगांव में पार्किंग निर्माण का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को पार्किंग का प्रस्ताव प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.