देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और अभियंताओं से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह भी देखा कि एप्रोच रोड के निर्माण के बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से हो रही है या नहीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बताया गया कि नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने के बाद राज्य सरकार ने तत्काल संज्ञान लिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित विभागों को राहत और पुनर्निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों ने तेजी से काम करते हुए एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण महज 12 घंटे में पूरा कर लिया।
एप्रोच रोड के जल्द पुनर्निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को समय रहते सामान्य करने में मदद मिली। इससे स्थानीय लोगों और इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को होने वाली परेशानी भी कम हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करते हुए आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
नंदा की चौकी पुल क्षेत्र में एप्रोच रोड की मरम्मत और पुनर्निर्माण के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने से स्थानीय लोगों को राहत मिली है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें मौके पर की गई व्यवस्थाओं और आगे की कार्ययोजना से भी अवगत कराया।