PM मोदी की खास अपील, हर घर तिरंगा अभियान में ऐसे बनें भागीदार

नई दिल्ली,   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और एकता का प्रतीक है तथा यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री ने लोगों से विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प को दोहराने का भी आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि हमारा तिरंगा देश का गौरव है और हमेशा राष्ट्र के लिए बेहतर करने की प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को विशेष बताते हुए कहा कि इस बार के प्रयास ‘वंदे मातरम’ को समर्पित हैं। यह पहल ऐसे समय में हो रही है, जब देश ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है।

प्रधानमंत्री ने संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी अपील को भी साझा किया। मंत्रालय ने लोगों से इस वर्ष के तिरंगा उत्सव का हिस्सा बनने और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया है। नागरिक अभियान की वेबसाइट पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी भी अपलोड कर सकते हैं।

इस अभियान के तहत ‘सूर्यपथ तिरंगा’ को खास आकर्षण के रूप में पेश किया गया है। इसका उद्देश्य देश के साथ-साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे भारतीयों को तिरंगे के माध्यम से जोड़ना है। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 50 से अधिक भारतीय मिशन इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

‘सूर्यपथ तिरंगा’ के तहत फिजी से लेकर सैन फ्रांसिस्को तक भारतीय मिशनों में तिरंगे से जुड़ी तस्वीरें अलग-अलग समय क्षेत्रों के अनुसार पूर्व से पश्चिम की ओर डिजिटल रूप से साझा की जाएंगी। इससे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद भारतीय समुदाय को एक साझा राष्ट्रीय भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री की अपील ऐसे समय में आई है, जब स्वतंत्रता दिवस को लेकर देशभर में तैयारियां तेज हो रही हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए सरकार नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने पर जोर दे रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.