कॉमनवेल्थ गेम्स के सितारों का सीएम धामी ने किया सम्मान, खिलाड़ियों को दिया बड़ा संदेश

देहरादून। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों का शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों, कोचों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे राज्य और देश का सम्मान बढ़ाने वाला क्षण होता है। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सरकार राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

सम्मान समारोह में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पैरा एथलीट शुभम जुयाल, जिन्होंने रजत पदक जीता, और जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा, जिन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया, को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत, उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चन्द्र शर्मा एवं पुनेश कुमार सिंह तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानन्द बेलवाल को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और वर्षों की कड़ी मेहनत होती है। इसलिए खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नई खेल नीति, आकर्षक पुरस्कार योजनाओं, खिलाड़ियों को आर्थिक प्रोत्साहन और आधुनिक खेल अवसंरचना के विकास पर लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, विश्वस्तरीय सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.