उत्तराखंड में बढ़ेगा NCC का दायरा, मुख्यमंत्री धामी संग हुई अहम बैठक

देहरादून। उत्तराखंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विस्तार और युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल तेज हो गई है। नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में एनसीसी के विस्तार, सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक प्रशिक्षण ढांचे के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में महानिदेशक वीरेन्द्र वत्स ने कहा कि सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी एनसीसी से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसके लिए राज्य में नई एनसीसी इकाइयों की स्थापना और मौजूदा इकाइयों के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री को आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना विकसित करने, प्रशिक्षण सुविधाओं को और मजबूत बनाने तथा प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना से जुड़ी भावी योजनाओं की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसी महत्वपूर्ण भावनाओं का विकास करता है। यही कारण है कि एनसीसी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाला देश का प्रतिष्ठित संगठन है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार एनसीसी के विस्तार और इसके लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास में हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को एनसीसी से जोड़ने से उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित होगी और वे देश की सुरक्षा एवं सामाजिक विकास में अधिक प्रभावी योगदान दे सकेंगे।

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और मजबूत आधारभूत ढांचे के माध्यम से उत्तराखंड के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाएंगे। इससे राज्य के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास के नए अवसर मिलेंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.