देहरादून/ऋषिकेश। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता हेमंत द्विवेदी 7 से 11 अगस्त तक उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ केदारनाथ यात्रा मार्ग, मंदिर समिति की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेमंत द्विवेदी 7 अगस्त को देहरादून से रवाना होकर कोटद्वार और दुगड्डा में आयोजित भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद वह पय्याली स्थित वन विभाग के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
8 अगस्त को वह पय्याली से प्रस्थान कर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित बीकेटीसी के यात्री विश्राम गृहों का निरीक्षण करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के बाद वह मैखंडा (फाटा, रुद्रप्रयाग) पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।
9 अगस्त को बीकेटीसी अध्यक्ष गौरीकुंड पहुंचकर मंदिर परिसर और यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह श्री केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। अगले दिन 10 अगस्त को प्रातः भगवान केदारनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मंदिर समिति द्वारा संचालित व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण करेंगे। इसी दौरान वे श्रावण मास में आयोजित शिव महापुराण कथा में भी शामिल होंगे।
अपने दौरे के अंतिम दिन 11 अगस्त को हेमंत द्विवेदी श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ पहुंचकर मंदिर परिसर और कार्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह उखीमठ से देहरादून के लिए रवाना होंगे।
बीकेटीसी अध्यक्ष के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, यात्रा मार्ग पर संचालित विश्राम गृहों की स्थिति का मूल्यांकन करने तथा मंदिर समिति की व्यवस्थाओं की समीक्षा करना है। साथ ही भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे।