भिलाड स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा टला, मेमू ट्रेन के चार पहिए पटरी से उतरे

गुजरात के वलसाड जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। उमरगाम तालुका के भिलाड रेलवे स्टेशन पर विरार से भरूच जा रही मेमू ट्रेन (संख्या 19101) प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचने से ठीक पहले पटरी से उतर गई। सुबह करीब 6:27 बजे हुई इस घटना में ट्रेन के फ्रंट डीएमसी (इंजन कोच) के चार पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए। अचानक हुए डिरेलमेंट से स्टेशन परिसर और ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई। ट्रेन में उस समय बड़ी संख्या में दैनिक यात्री, नौकरीपेशा लोग, मजदूर और स्कूल-कॉलेज के छात्र सफर कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन अचानक रुकी, यात्री एहतियातन डिब्बों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए स्टेशन पर हलचल रही, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मुंबई सेंट्रल मंडल की ओर से वलसाड से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) और मेडिकल सहायता दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने पटरी से उतरे इंजन कोच को दोबारा ट्रैक पर लाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया।

इस घटना के चलते मुंबई-अहमदाबाद मुख्य रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को संभावित देरी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है और ट्रेनों के संचालन को जल्द सामान्य करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

रेलवे ने इस डिरेलमेंट के कारणों की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं। तकनीकी विशेषज्ञ ट्रैक, प्वाइंट्स, सिग्नलिंग सिस्टम और इंजन की मैकेनिकल स्थिति की गहन जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, ट्रैक में समस्या या किसी अन्य कारण से हुआ। फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.