मसूरी विधानसभा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में नगर निगम, एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक परियोजना) और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया तथा स्थानीय समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में टूटी और खराब सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं, इसलिए सभी संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से मरम्मत कार्य पूरा करें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गणेश जोशी ने अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत से जुड़े लंबित इस्टीमेट शीघ्र स्वीकृत कराने और बिना देरी के निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे।
बैठक में विद्युत व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में मौजूद पुराने और जर्जर बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए। इसके साथ ही ढीले और लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित कर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान बिजली से जुड़े हादसों की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए सुरक्षा संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनता को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की गति बढ़ाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में नंदनी शर्मा, सुरेंद्र राणा, मोहन बहुगुणा, प्रदीप रावत, भावना चौधरी, योगेश घाघट, संजय नौटियाल, सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप, अधीक्षण अभियंता विद्युत राहुल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।