राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार शुरुआत की है। पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत के स्टार बॉक्सर सचिन सिवाच ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ-16) में अपनी जगह पक्की कर ली है। शनिवार को खेले गए मुकाबले में उन्होंने कनाडा के केओमा अल-अहमादीह को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर अगले दौर का टिकट हासिल किया।
मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा और दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। पहले दो राउंड में सचिन ने बेहतर नियंत्रण और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जबकि अंतिम राउंड में कनाडाई खिलाड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए तीन जजों से पूरे 10 अंक हासिल किए। हालांकि पूरे मुकाबले के प्रदर्शन को देखते हुए चार जजों ने सचिन सिवाच के पक्ष में फैसला सुनाया।
जजों ने सचिन को क्रमशः 29-28, 30-27, 29-28 और 29-28 के स्कोर से विजेता घोषित किया। वहीं, एक जज ने 29-28 के अंतर से कनाडाई मुक्केबाज के पक्ष में फैसला दिया। इसके बावजूद बहुमत के आधार पर भारतीय मुक्केबाज ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ सचिन सिवाच अब अंतिम-16 में पहुंच गए हैं, जहां उनका अगला मुकाबला इंग्लैंड के विलियम हेविट से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला 27 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम 4:45 बजे खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाला खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेगा और पदक की दौड़ में एक कदम और आगे बढ़ जाएगा।
विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीत चुके सचिन सिवाच से इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत को बड़ी उम्मीदें हैं। पहले ही मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर उन्होंने साफ संकेत दे दिया है कि उनका लक्ष्य केवल अगले दौर में पहुंचना नहीं, बल्कि भारत के लिए पदक जीतना है। अब खेल प्रेमियों की निगाहें उनके अगले मुकाबले पर टिकी हैं।