कारगिल वीरों के सम्मान में उमड़ा देहरादून, सीएम धामी ने दिखाई मैराथन को हरी झंडी

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी देहरादून में देशभक्ति और वीर जवानों के सम्मान का अनूठा नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग से ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा हाथों में लिए और देशभक्ति के नारों के बीच दौड़ते प्रतिभागियों ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का भव्य समापन गांधी पार्क में हुआ, जहां विजेताओं को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का स्वर्णिम अध्याय है। कठिन परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने दुर्गम चोटियों पर विजय प्राप्त कर देश की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने न केवल युद्ध जीता, बल्कि दुनिया के सामने अपनी कूटनीतिक क्षमता का भी परिचय दिया।

मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एनसीसी, सीनियर सिटीजन, भूतपूर्व सैनिक, दिव्यांग, पुरुष, महिला तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की अलग-अलग श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अंकित पंवार, तनुश्री चौहान, सूरज, वैष्णवी, कलम सिंह बिष्ट, निकिता जोशी और अन्य प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त कर्नल) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.