उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर कुर्मांचल सांस्कृतिक कल्याण परिषद, हाथी बड़कला शाखा के पदाधिकारियों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान परिषद के प्रतिनिधियों ने उन्हें हरेला पर्व की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
भेंट के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने मंत्री गणेश जोशी को हरेला का आशीर्वाद प्रदान करते हुए प्रकृति संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो प्रकृति के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करता है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने परिषद के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब उसके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी समाज मिलकर निभाए।
मंत्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और पारंपरिक पर्व हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे पर्व न केवल प्रकृति से जुड़ाव बढ़ाते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर परिषद की अध्यक्ष पुष्पा बिष्ट, संरक्षक निर्मला जोशी, सचिव विजय बिष्ट, उपाध्यक्ष सीमा बिष्ट, संरक्षक आर.एस. परिहार, मनोज सांवत, जीत सिंह नेगी, कांता बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।