स्वच्छ और सुंदर शहर की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब और नगर निगम रुड़की ने सिविल लाइन क्षेत्र में एसडीएम चौक से आईआईटी की ओर जाने वाले मार्ग का सौंदर्यकरण कर उसे आकर्षक पार्क के रूप में विकसित किया है। इस नए पार्क का लोकार्पण मेयर अनीता देवी अग्रवाल और रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना ‘स्वच्छ रुड़की, सुंदर रुड़की’ अभियान को नई दिशा देने वाली पहल है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान से पहले लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच होकर गुजरना पड़ता था, वह आज एक सुंदर और हराभरा पार्क बन चुका है। अब यहां बच्चे खेल सकेंगे, बुजुर्ग सुबह-शाम टहल सकेंगे और स्थानीय नागरिक आराम से बैठकर समय बिता सकेंगे।
मेयर ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी विकास कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि इस पार्क की स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने में सहयोग करें।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने कहा कि समाज सेवा केवल स्वास्थ्य और शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी नगर निगम के साथ मिलकर शहर के सौंदर्यकरण और जनहित के अन्य कार्यों में सक्रिय सहयोग देता रहेगा।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान चैंपियन इंजीनियर मुजीब मलिक, वरिष्ठ भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल, पार्षद सतबीर सिंह, शालिनी प्रकाश, डॉ. अचल मित्तल, क्लब अध्यक्ष सानिया मलिक, सचिव रुचि हांडा, कोषाध्यक्ष अक्सा मलिक, आयुष बाथला, मंथन महेश्वरी, शिवम खन्ना, यथार्थ गोयल, मयंक अग्रवाल, विजय अरोड़ा, गौरव चौहान और ध्रुव सेठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को शहर के सौंदर्यकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।