रुद्रपुर में पीएलवी कार्यकर्ताओं की दो दिवसीय ट्रेनिंग शुरू, न्यायाधीश ने दी अहम जिम्मेदारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने पीएलवी कार्यकर्ताओं को न्याय व्यवस्था की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए समाज और न्यायालय के बीच सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि पीएलवी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे समाज के जरूरतमंद, गरीब और वंचित लोगों तक निशुल्क एवं सुलभ न्याय की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करें और जरूरत पड़ने पर उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

प्रशिक्षण शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग और अन्य सरकारी विभागों के विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सरकारी अधिवक्ता सरदार बीत सिंह (डीजीसी), वरिष्ठ अधिवक्ता पारुल और छवि अग्रवाल भी न्यायिक प्रक्रियाओं, कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे।

शिविर के समापन अवसर पर सचिव ममता पंत ने आगामी हरेला पर्व के मद्देनजर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने सभी पीएलवी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर सहित पूरे जनपद में पखवाड़े भर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में ममता पंत ने प्राधिकरण परिसर में इमली और आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर पीएलवी कार्यकर्ता एस.के. श्रीवास्तव, अंकित त्रिपाठी, नीतू राणा, मुलांशु शर्मा, अनुष्का द्विवेदी, ज्योति पाल, अमन पांडे, मोहित कुमार, पवन कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.