उत्तराखंड की दो बेटियां अब एशियन चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम, भारतीय टीम में हुआ चयन

उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि चौहान सेल्फ डिफेंस एकेडमी, श्री नानकमत्ता की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी हरमनदीप कौर और कर्णिका कांडपाल का चयन भारतीय जू-जित्सु टीम में हुआ है। अब दोनों खिलाड़ी 12 से 15 जुलाई 2026 तक कजाकिस्तान के अल्माटी एरिना में आयोजित होने वाली थर्ड जू-जित्सु एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

दोनों खिलाड़ियों के चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें सम्मानित किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के कोच किशन सिंह चौहान को भी राष्ट्रीय टीम का कोच नियुक्त होने पर बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रशिक्षण, अनुशासन और खिलाड़ियों को तैयार करने में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, राज्य मंत्री रणजीत सिंह नामधारी, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सिंह जोशी, भवानी भंडारी, भास्कर संभल, रणदीप पोखरिया, मनोज कांडपाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

चौहान सेल्फ डिफेंस एकेडमी की प्रबंधक चंद्रा देवी ने भी हरमनदीप कौर, कर्णिका कांडपाल और कोच किशन सिंह चौहान को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी अपने बेहतरीन प्रदर्शन से एशियन चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

उत्तराखंड की इन बेटियों की सफलता न केवल युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि समर्पण, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.