मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला प्रशासन ने मतदाताओं से 7 जुलाई 2026 तक हर हाल में गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा नहीं करने पर मतदाता सूची में नाम को लेकर परेशानी हो सकती है, इसलिए सभी पात्र मतदाता समय रहते प्रक्रिया पूरी करें।
जिलाधिकारी के अनुसार देहरादून जिले में कुल 13.76 लाख पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपना गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं और प्राप्त प्रपत्रों में 99.98 प्रतिशत का डिजिटाइजेशन भी पूरा किया जा चुका है। इसके बावजूद अभी भी 1,90,588 मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, जिन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उन्होंने बताया कि जो लोग दिन के समय अपने घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट (ECINet) ऐप या ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं। इससे मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार समय तय कर गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना या अपने माता-पिता अथवा दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। वहीं, अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी पात्र नागरिकों से अंतिम समय का इंतजार न करने की अपील करते हुए कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई है और अब केवल तीन दिन का समय शेष है। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा कर प्रत्येक मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार को सुरक्षित रख सकता है और भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बच सकता है।