मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद भरा एसआईआर फॉर्म, राज्यवासियों से की बड़ी अपील

रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को स्वयं एसआईआर एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने अपना प्रपत्र भरकर जमा किया और राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से भी समय रहते इस प्रक्रिया को पूरा करने की अपील की।

मुख्यमंत्री के समक्ष 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाया। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर जमा किया और मतदाता सूची के अद्यतन अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है और इसे सुरक्षित बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की बुनियाद है। इसलिए सभी पात्र मतदाताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर अपनी जानकारी का सत्यापन अवश्य कराना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल स्वयं ही इस प्रक्रिया को पूरा न करें, बल्कि अपने परिवार, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और समाज के अन्य पात्र लोगों को भी एसआईआर अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब हर पात्र नागरिक की मतदाता सूची में सही और अद्यतन जानकारी दर्ज होगी।

राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग की ओर से चलाया जा रहा यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण, विवरणों का सत्यापन तथा आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी सहित कई निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.