187 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने जनसेवा को लेकर दिया बड़ा संदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान कुल 187 युवाओं ने सरकारी सेवा में अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता के विश्वास, उम्मीदों और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनता के प्रति समर्पण से तय होती है।

उन्होंने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख युवाओं ने आवेदन किया था और 71 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन होना उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रशासन का उद्देश्य शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि दूरदराज़ से आने वाले नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में सम्मान, विश्वास और समयबद्ध समाधान मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें नौकरी के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विकसित उत्तराखंड के निर्माण में पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि ईमानदारी से काम करने वाले प्रत्येक अधिकारी के साथ राज्य सरकार मजबूती से खड़ी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.