धामी सरकार का बड़ा फैसला, विकास कार्यों और आपदा राहत के लिए ₹8.61 करोड़ मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8.61 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तरकाशी जिले में आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र देहरादून कैंट के उन इलाकों में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 4.92 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जहां अभी तक बंच केबल (Bunch Cable) की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस परियोजना के तहत विद्युत विभाग द्वारा बंच केबल बिछाने का कार्य किया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और सुचारु होने के साथ तकनीकी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी, धराली, हर्षिल, डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट और मोरी क्षेत्र में आपदा से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए 123 आवासीय भवनों के प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 3.69 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। प्रत्येक पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है, जिससे प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि प्रभावित लोगों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे जल्द सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बिजली, सड़क और अन्य आवश्यक सेवाओं के विकास के साथ-साथ आपदा प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों को कम से कम कठिनाइयों का सामना करना पड़े।

Leave A Reply

Your email address will not be published.