मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान जल्द ही अपने परिवार के साथ मुंबई के प्रतिष्ठित गैलेक्सी अपार्टमेंट को अलविदा कह सकते हैं। करीब 52 वर्षों तक इस पते से जुड़े रहने के बाद अब खान परिवार बांद्रा के चिम्बाई इलाके में एक नया छह मंजिला सी-फेसिंग बंगला बनवाने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों और परिवार की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (एमसीजेडएमए) ने 16 जून को इस आवासीय परियोजना को मंजूरी दे दी है। नया बंगला गैलेक्सी अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी पर बनाया जाएगा, जिससे परिवार का इस इलाके से वर्षों पुराना जुड़ाव भी बना रहेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस जमीन पर नया बंगला बनने जा रहा है, उसे सलमान खान की मां सलमा खान ने वर्ष 2011 में खरीदा था। पहले यह संपत्ति मैरी क्लोटिल्डा बैप्टिस्टा के स्वामित्व में थी और बाद में कई बार मालिक बदलने के बाद यह खान परिवार के पास पहुंची।
बताया जा रहा है कि हाल के वर्षों में सलमान खान को मिली सुरक्षा संबंधी धमकियों और उनके घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद परिवार ने अधिक सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं वाले घर में शिफ्ट होने का निर्णय लिया है। नए बंगले में उन्नत सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करना मौजूदा गैलेक्सी अपार्टमेंट की तुलना में अधिक आसान होगा।
खान परिवार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि निर्माण कार्य के दौरान परिसर में मौजूद किसी भी पेड़ को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा, परियोजना क्षेत्र में स्थानीय प्रजाति के नए पेड़ भी लगाए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
गौरतलब है कि सलीम खान अपने परिवार के साथ वर्ष 1974 में गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहने आए थे। इसके बाद यही घर सलमान खान की पहचान बन गया। हर साल ईद और उनके जन्मदिन पर हजारों प्रशंसक इसी घर के बाहर अभिनेता की एक झलक पाने के लिए जुटते रहे हैं।
अब यदि यह परियोजना तय योजना के अनुसार पूरी होती है, तो दशकों पुराना गैलेक्सी अपार्टमेंट का पता इतिहास बन जाएगा और खान परिवार अपने नए सी-फेसिंग बंगले में नई शुरुआत करेगा।