हरेला पर देहरादून में होगा हरियाली का महाअभियान, 15.50 लाख पौधे लगाने की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व हरेला को इस वर्ष राज्य की रजत जयंती के अवसर पर विशेष रूप से मनाया जाएगा। 16 जुलाई से शुरू होने वाला यह अभियान पूरे एक माह तक चलेगा, जिसमें देहरादून जिले में रिकॉर्ड 15.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े व्यापक जनआंदोलन का रूप देना है।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला पर्व केवल औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि धरती को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित होगा। इस बार थीमैटिक यानी विषय आधारित पौधारोपण किया जाएगा, जिससे ईको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए सभी सरकारी विभागों को अपनी-अपनी रोपण स्थलों का चयन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो माइक्रो लेवल पर पूरी कार्ययोजना की निगरानी करेगा। इस अभियान में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

विशेष बात यह है कि भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), सर्वे ऑफ इंडिया, ओएनजीसी और आईटीबीपी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। स्थानीय परिस्थितियों और मिट्टी के अनुरूप पौधों का चयन कर उच्च गुणवत्ता वाले हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाई गई है।

अभियान की निगरानी के लिए एक विशेष ‘हरित कंट्रोल रूम’ स्थापित किया जाएगा, जो पूरे माह पौधारोपण और उसकी प्रगति पर नजर रखेगा। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लगाए जाने वाले पौधों में लगभग 50 प्रतिशत फलदार और चारा प्रजाति के होंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पौधों को केवल लगाया ही नहीं जाएगा, बल्कि अगले पांच वर्षों तक उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। सभी विभागों को 10 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, जैविक खाद, ट्री-गार्ड और परिवहन संबंधी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के विभिन्न प्रभाग इस अभियान के लिए पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.