मसूरी। उप जिला चिकित्सालय मसूरी में सोमवार को स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ओएनजीसी के वित्तीय सहयोग तथा सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान, देहरादून के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अस्पताल को विभिन्न आधुनिक चिकित्सा उपकरण समर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ओएनजीसी के सहयोग से उपलब्ध कराए गए चिकित्सा उपकरण अस्पताल की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ मसूरी आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी कि उप जिला चिकित्सालय मसूरी में प्रतिदिन लगभग 400 मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ लेते हैं। इसके अलावा हर महीने करीब 35 से 40 सुरक्षित प्रसव भी अस्पताल में कराए जाते हैं। अस्पताल में एक्स-रे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड सहित कई आधुनिक जांच सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं, जिनका लाभ क्षेत्र की बड़ी आबादी को मिल रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ओएनजीसी और सरस्वती जनकल्याण एवं स्वरोजगार संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस प्रकार के सहयोग से सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा आम जनता को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, विजय बिंदवाल, विजय बुटोला, अभिलाष, सचिन, महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, अनिता धनाई, कमला थपलियाल, सपना शर्मा, सीता पंवार, गुड्डी देवी, चिकित्सकगण, अस्पताल प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।