बैंकॉक की टुक-टुक सवारी ने मनीषा कोइराला को सिखाया जिंदगी का बड़ा सबक

 मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोइराला इन दिनों थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में छुट्टियां बिता रही हैं और अपनी यात्रा के खूबसूरत पलों को प्रशंसकों के साथ साझा कर रही हैं। हाल ही में अभिनेत्री ने बैंकॉक की प्रसिद्ध टुक-टुक सवारी का अनुभव लिया, जिसे उन्होंने जीवन की छोटी-छोटी खुशियों से जोड़ते हुए एक खास संदेश भी दिया।

मनीषा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर टुक-टुक में बैठी एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर में वह सादगी और आकर्षक अंदाज में शहर की सैर का आनंद लेती नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा कि अक्सर लोग खुशियों को बड़े आयोजनों, महंगे अनुभवों या खास अवसरों से जोड़कर देखते हैं, लेकिन असल खुशी साधारण और सहज पलों में भी मिल सकती है। बैंकॉक की सड़कों पर टुक-टुक की सवारी ने उन्हें यही एहसास कराया।

अभिनेत्री ने कहा कि किसी भी शहर की असली पहचान केवल उसके प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं होती, बल्कि वहां की गलियों, भीड़भाड़, स्थानीय लोगों, आवाजों और रोजमर्रा की जिंदगी में भी छिपी होती है। उनके मुताबिक, किसी जगह को करीब से समझने के लिए उसके सामान्य जीवन को महसूस करना जरूरी है। मनीषा ने बैंकॉक की ऊर्जा और जीवंत माहौल की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यह शहर हर बार उन्हें नया अनुभव देता है और कभी निराश नहीं करता।

नेपाल मूल की मनीषा कोइराला ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 1989 में नेपाली फिल्म ‘फेरी भेटौला’ से की थी। हिंदी सिनेमा में उन्हें 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘सौदागर’ से बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों में अभिनय कर बॉलीवुड की प्रमुख अभिनेत्रियों में अपनी खास जगह बनाई।

वर्कफ्रंट की बात करें तो मनीषा को हाल ही में संजय लीला भंसाली की चर्चित वेब सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ में देखा गया था। इस सीरीज में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने काफी सराहा। इससे पहले वह फिल्म ‘शहजादा’ में अभिनेता कार्तिक आर्यन की मां के किरदार में नजर आई थीं। मनीषा आज भी अपने अभिनय और सकारात्मक सोच से प्रशंसकों को प्रेरित कर रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.