गुंडा एक्ट के बावजूद कॉलोनी में घूमता रहा बिल्डर! एटीएस कॉलोनी के लोग दहशत में क्यों?

 देहरादून। राजधानी देहरादून की एटीएस कॉलोनी में डीआरडीओ के रक्षा विज्ञानी और उनकी पत्नी से मारपीट के चर्चित मामले के आरोपी बिल्डर पुनीत अग्रवाल को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गुंडा एक्ट की कार्रवाई झेल रहे आरोपी की गतिविधियां अब भी नहीं थमी हैं और उसके कॉलोनी में आने-जाने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात आरोपी बिल्डर कथित रूप से एटीएस कॉलोनी में पहुंचा और रक्षा विज्ञानी के आवास के आसपास वाहन से कई बार चक्कर लगाता रहा। कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि उसकी मौजूदगी से लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम और संबंधित थाने को दी गई, लेकिन देर रात तक पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया गया है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है।

यह मामला पहले से ही काफी चर्चित रहा है। रक्षा विज्ञानी दंपति के साथ कथित मारपीट के मामले में जिलाधिकारी द्वारा आरोपी बिल्डर पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तड़ीपार करने के आदेश जारी किए गए थे। इसके खिलाफ आरोपी ने मंडलायुक्त के समक्ष अपील दायर की और बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

बताया गया है कि हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि आरोपी को मिला संरक्षण सीमित दायरे में है और प्रशासन कानून के अनुसार कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। न्यायालय ने यह भी कहा है कि आरोपी को केवल सुनवाई के निर्धारित दिनों में ही संबंधित क्षेत्र में आने की अनुमति है। इसके बावजूद स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि आदेशों की अनदेखी की जा रही है।

इस पूरे मामले को लेकर कानूनी लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुकी है। हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय में अगली सुनवाई 21 जुलाई को निर्धारित की गई है। फिलहाल कॉलोनी के निवासी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.