देहरादून। शहर कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को एहतियातन सील कर दिया है तथा अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की टुकड़ियां तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित परिवार किराये के मकान में रह रहा है। आरोप है कि मकान मालिक के नाबालिग रिश्तेदार ने बुधवार देर रात किशोरी के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
घटना की सूचना क्षेत्र में फैलते ही विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपी पक्ष से संबंधित एक कॉस्मेटिक दुकान और गोदाम में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई, जिससे क्षेत्र में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालात को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाया और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी।
पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के अनुरूप संरक्षण में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं, तोड़फोड़ और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।