राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा का आयोजन 21 जून को राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा दिवस पर किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और निर्धारित नियमों का पालन करें।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने नीट-यूजी 2026 प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) का स्पष्ट प्रिंटआउट साथ लेकर आएं। प्रवेश के दौरान फोटोयुक्त एडमिट कार्ड के अलावा दो अतिरिक्त पासपोर्ट आकार के फोटो, मूल एवं वैध फोटो पहचान पत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा राशन कार्ड स्वीकार किए जाएंगे।
परीक्षार्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाने की अनुमति होगी। वहीं, परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, इयरफोन, कैलकुलेटर, टैबलेट, पेन-पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स, स्केल, राइटिंग पैड, आभूषण, धातु की वस्तुएं, बेल्ट, वॉलेट, बैग और किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ओएमआर शीट भरने के लिए काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग किया जाएगा, जिसकी व्यवस्था परीक्षा केंद्र द्वारा ही उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ कोई पेन लाने की आवश्यकता नहीं है।
परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के सफल आयोजन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।