राजधानी के सबसे सुरक्षित ठिकाने में सेंध, 11 सैनिक शहीद, 22 आतंकी ढेर

पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर की राजधानी नियामी स्थित डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर  बड़े आतंकी हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सैन्य सरकार की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में 11 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि जवाबी कार्रवाई में 22 आतंकवादियों को मार गिराया गया। दो नागरिकों के भी मारे जाने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एयरपोर्ट परिसर में करीब एक घंटे तक लगातार विस्फोटों और गोलीबारी की आवाजें गूंजती रहीं। बताया जा रहा है कि हमला एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शुरू हुआ, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। सेना की कार्रवाई तेज होते ही हमलावर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पीछा किए जाने के दौरान वे अपने पीछे भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद छोड़कर फरार हो गए।

अब तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, हालांकि इस वर्ष जनवरी में भी इसी एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था। उस समय इस्लामिक स्टेट इन द साहेल से जुड़े आतंकवादियों ने मोर्टार और ड्रोन की मदद से नागरिक टर्मिनल तथा एयर बेस-101 पर हमला किया था। एयर बेस-101 नाइजर के सैन्य अभियानों के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

नाइजर पिछले एक दशक से इस्लामी चरमपंथी हिंसा की चपेट में है। पड़ोसी देशों माली और बुर्किना फासो की तरह यहां भी सैन्य शासन सत्ता में है, जिसने हिंसा पर नियंत्रण का वादा करते हुए सरकार संभाली थी। देश के पश्चिमी हिस्से में इस्लामिक स्टेट-साहेल और अल-कायदा से संबद्ध जेएनआईएम सक्रिय हैं, जबकि दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में बोको हराम और इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस जैसे संगठन चुनौती बने हुए हैं। ताजा हमला इस बात का संकेत है कि साहेल क्षेत्र में आतंकवाद का खतरा अभी भी गंभीर बना हुआ है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.