भाजपा नेता हत्याकांड में बड़ा खुलासा? 7 फरार आरोपितों की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी

 देहरादून/विकासनगर। सहसपुर क्षेत्र के बैरागी गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक विनोद कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद से फरार चल रहे सात आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस को आशंका है कि कई आरोपी जनपद से बाहर भाग चुके हैं, जिसके चलते पड़ोसी राज्यों और विभिन्न शहरों में भी तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने हथौड़े, लाठी-डंडों और अन्य धारदार एवं भारी हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में भाजपा नेता विनोद कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक कुमार, राजेश और बहन सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।

घटना के बाद अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में 12 नामजद आरोपितों सहित 30 से 35 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक रज्जाक, जावेद, सलमान, शहबाज और इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, अमन, यूनुस, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून और इंतेजार अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनकी तलाश में पुलिस टीमों ने सहारनपुर, मेरठ सहित कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की है। आरोपितों के मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.