अमेरिका का बड़ा AI झटका! विदेशी यूजर्स के लिए अचानक बंद हुए एन्थ्रोपिक के एडवांस मॉडल्स, आखिर क्या है वजह?

वॉशिंगटन। अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई जब एआई कंपनी एन्थ्रोपिक ने अपने सबसे उन्नत एआई मॉडल्स की पहुंच विदेशी नागरिकों के लिए तत्काल प्रभाव से बंद करने की घोषणा कर दी। कंपनी का यह कदम अमेरिकी सरकार के एक सख्त निर्यात नियंत्रण (एक्सपोर्ट कंट्रोल) आदेश के बाद सामने आया है, जिसने वैश्विक तकनीकी जगत में नई बहस छेड़ दी है।

एन्थ्रोपिक ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि उसे अमेरिकी प्रशासन की ओर से निर्देश मिला है कि विदेशी नागरिकों के लिए उसके प्रमुख एआई मॉडल्स की उपलब्धता रोकी जाए। हालांकि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला दिया है, लेकिन इन आशंकाओं के बारे में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

कंपनी का मानना है कि प्रशासन को इस बात की चिंता है कि उसके एआई मॉडल्स के सुरक्षा तंत्र को बायपास करने या तथाकथित ‘जेलब्रेक’ करने के कुछ संभावित तरीके मौजूद हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में मॉडल्स का दुरुपयोग कर सॉफ्टवेयर की कमजोरियों का फायदा उठाया जा सकता है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब एन्थ्रोपिक और अमेरिकी सरकार के बीच संबंधों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही थी। दोनों पक्षों के बीच तनाव तब बढ़ गया था, जब कंपनी ने अमेरिकी सेना को घरेलू निगरानी और पूरी तरह स्वचालित हथियार प्रणालियों में अपने उन्नत एआई मॉडल्स के उपयोग की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद सरकार ने कंपनी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उसे सप्लाई चेन ब्लैकलिस्ट में शामिल कर दिया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला अमेरिका की उस रणनीति का हिस्सा हो सकता है, जिसके तहत वह प्रतिद्वंद्वी देशों की एआई क्षमताओं को सीमित करना चाहता है। अब तक अमेरिकी निर्यात नियंत्रण मुख्य रूप से एआई चिप्स और हार्डवेयर पर केंद्रित थे, लेकिन अब सॉफ्टवेयर और एआई मॉडल्स तक पहुंच को भी नियंत्रित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

एन्थ्रोपिक ने सरकार के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि केवल संभावित और सीमित तकनीकी खामी के आधार पर करोड़ों लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे कमर्शियल एआई मॉडल्स पर इतनी बड़ी रोक लगाना उचित नहीं है। इस विवाद ने एआई सुरक्षा, सरकारी नियमन और तकनीकी स्वतंत्रता को लेकर नई बहस को जन्म दे दिया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.