देहरादून। उत्तराखंड के राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। खेल मंत्री Rekha Arya ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न जॉब देने की प्रक्रिया में अब और देरी नहीं होगी। विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अगस्त माह तक इसकी विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में खेल विभाग की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आउट ऑफ टर्न जॉब से जुड़ी सभी औपचारिकताएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
बैठक में राज्य के खेल विश्वविद्यालय की प्रगति की भी समीक्षा की गई। खेल मंत्री ने विश्वविद्यालय में जल्द शैक्षिक सत्र शुरू करने के लिए आवश्यक नियुक्तियां तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पहले सत्र में शुरू होने वाले विषयों का चयन किया जा चुका है और प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसके अलावा लोहाघाट में स्थापित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। मंत्री ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जुलाई माह से यहां पहला शैक्षिक सत्र आरंभ होने की संभावना है। इससे प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय खेल प्रशिक्षण और शिक्षा का लाभ मिलेगा।
बैठक में आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों के चयन, ट्रायल और प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर जल्द उत्तराखंड ओलंपिक संघ के साथ बैठक आयोजित की जाए, ताकि तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जा सके।
खेल मंत्री ने नई खेल नीति तैयार करने और राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम स्थापित करने की योजनाओं में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।