पिथौरागढ़ में संकल्प सम्मेलन, रेखा आर्य ने मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं

 पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पिथौरागढ़ में ‘संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश की खेल एवं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शासन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं।

रेखा आर्य ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की राजनीति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। सरकार ने विकास को केंद्र में रखकर कार्य किया, जिसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है। आधारभूत ढांचे के विकास, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हितों और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं ने देश को नई दिशा देने का काम किया है।

संकल्प सम्मेलन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, राज्य मंत्री गणेश भंडारी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाना बताया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.