फीफा वर्ल्ड कप की इनामी राशि जानकर रह जाएंगे हैरान, टी20 विश्व कप से 60 गुना ज्यादा पैसा!

 सेन डियागो। दुनिया के दो सबसे लोकप्रिय खेलों क्रिकेट और फुटबॉल के विश्व कप टूर्नामेंटों की इनामी राशि की तुलना ने खेल जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने जा रहे फीफा विश्व कप 2026 की पुरस्कार राशि का ऐलान हो चुका है, जो हाल ही में संपन्न टी20 क्रिकेट विश्व कप की तुलना में कई गुना अधिक है।

फीफा विश्व कप 2026 में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (FIFA) ने इस बार टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 655 मिलियन डॉलर (करीब 6,241 करोड़ रुपये) निर्धारित की है। यह राशि 2022 फीफा विश्व कप की 440 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि से लगभग 50 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2022 में अर्जेंटीना ने विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था।

वहीं दूसरी ओर, हाल ही में भारत में आयोजित टी20 विश्व कप 2026 में कुल पुरस्कार राशि 11.25 मिलियन डॉलर थी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतते हुए विजेता टीम के रूप में 2.63 मिलियन डॉलर (करीब 24.28 करोड़ रुपये) की राशि प्राप्त की।

यदि दोनों टूर्नामेंटों की कुल पुरस्कार राशि की तुलना की जाए तो फीफा विश्व कप की प्राइज मनी टी20 विश्व कप से लगभग 60 गुना अधिक है। दिलचस्प बात यह है कि फीफा विश्व कप में 33वें से 48वें स्थान पर रहने वाली टीमों को भी 9 मिलियन डॉलर (करीब 86 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे, जो टी20 विश्व कप विजेता टीम को मिली राशि से तीन गुना से भी ज्यादा है।

फीफा विश्व कप 2026 की विजेता टीम को 50 मिलियन डॉलर (लगभग 476 करोड़ रुपये) का इनाम मिलेगा, जबकि उपविजेता टीम को 33 मिलियन डॉलर (करीब 314 करोड़ रुपये) प्रदान किए जाएंगे। तीसरे स्थान की टीम को 29 मिलियन डॉलर और चौथे स्थान की टीम को 27 मिलियन डॉलर मिलेंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि फुटबॉल की वैश्विक लोकप्रियता, विशाल दर्शक वर्ग, प्रसारण अधिकारों और प्रायोजन से होने वाली आय के कारण फीफा विश्व कप की इनामी राशि क्रिकेट विश्व कप की तुलना में कहीं अधिक है। यही वजह है कि दोनों खेलों के बीच पुरस्कार राशि का यह बड़ा अंतर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.