देहरादून। आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट देहरादून में की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदाडे ने की। बैठक में जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार पोर्टल पर लॉगिन कर एसआईआर अभियान की प्रगति की निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 18 जून 2026 तक शत-प्रतिशत ईएफएस फार्मों का वितरण सुनिश्चित किया जाए और संबंधित जानकारी समय पर पोर्टल पर अपडेट की जाए। साथ ही जो फार्म भरकर प्राप्त हो चुके हैं, उनका डिजिटाइजेशन और अपलोडिंग कार्य भी तत्काल पूरा किया जाए।
उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान को गति दी जाए। कम प्रगति वाले क्षेत्रों में बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में हाउसिंग सोसायटी, कार्यालय परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक मतदाताओं को अभियान से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को जनजागरूकता बढ़ाने और मतदाताओं को फार्म भरने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद देहरादून में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक 3,27,236 ईएफएस फार्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 16,748 फार्मों का डिजिटाइजेशन पूरा किया गया है। अभी 10,49,577 फार्मों का वितरण और 13,60,065 फार्मों का डिजिटाइजेशन शेष है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी बैठक में शामिल हुए।