जोधपुर जेल में आसाराम को फिर मिली खास सुविधाएं, अब अल्कलाइन पानी भी होगा उपलब्ध

जोधपुर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया है कि उन्हें पूर्व में दी जा रही चिकित्सा और सहायक सुविधाएं जारी रखी जाएं। इसके तहत अब आसाराम को बाहर से आने वाले भोजन के साथ अल्कलाइन पानी भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अलग बेड और बिस्तर की व्यवस्था भी करनी होगी।

आसाराम ने 28 मई को जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर किया था। इसके बाद जेल प्रशासन ने कुछ विशेष सुविधाएं बंद कर दी थीं, जिसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस संजीत पुरोहित की एकल पीठ ने कहा कि किसी कैदी की उम्र और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताएं केवल इसलिए खत्म नहीं हो जातीं कि उसकी अपील का निस्तारण हो चुका है।

अदालत ने माना कि आसाराम कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं। मेडिकल रिकॉर्ड के अनुसार उन्हें हृदय रोग, मधुमेह, किडनी संबंधी समस्याएं, ऑस्टियोपोरोसिस और मांसपेशियों की कमजोरी जैसी दिक्कतें हैं। कोर्ट ने कहा कि पूर्व में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट द्वारा दी गई चिकित्सा सुविधाएं जारी रहनी चाहिए, ताकि उनके मानवाधिकारों और स्वास्थ्य की रक्षा हो सके।

हाईकोर्ट ने निजी स्रोत से भोजन प्राप्त करने की पुरानी व्यवस्था को भी बरकरार रखा है। हालांकि भोजन दिन में केवल एक बार ही दिया जाएगा, लेकिन अब उसके साथ अल्कलाइन पानी देने की अनुमति मिल गई है। इसके अलावा दो सहायकों की व्यवस्था भी जारी रहेगी, लेकिन अपनी पसंद के लोगों को सहायक नियुक्त करने की मांग कोर्ट ने ठुकरा दी।

कोर्ट ने निजी एम्बुलेंस की स्थायी अनुमति नहीं दी, लेकिन मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में उपयुक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, निजी डॉक्टर डॉ. सचित भोला को हर 15 दिन में एक बार जेल में मुलाकात की अनुमति प्रदान की गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.