जौनसार-बावर को मिली बड़ी सौगात, सीएम धामी ने की कई अहम घोषणाएं

 देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून जनपद के नागथात स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने जौनसार-बावर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और जनजातीय समाज की समृद्ध पहचान की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र उत्तराखंड की मूल आत्मा का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि यहां की लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति सम्मान भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें समरजेंस मोटर मार्ग का चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करना, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल का निर्माण, विभिन्न ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण एवं पेयजल योजनाओं को स्वीकृति देने जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नए संपर्क मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं ने आदिवासी समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आदिवासी समाज की नीतियां और नियति दोनों बदली हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 707 और 707ए के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही कालसी-चकराता मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है, जबकि श्री महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये की मास्टर प्लान परियोजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, गीता राम गौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.