सूरत में पीएम मोदी का बड़ा मिशन, टैंक-ड्रोन से लेकर 12 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स तक

सूरत दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत की रक्षा और बुनियादी ढांचा क्षमता को नई मजबूती देने वाले कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के आर्म्ड सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण से की, जहां उन्होंने स्वदेशी तकनीक से विकसित टैंक, ड्रोन और अन्य रक्षा उपकरणों की जानकारी प्राप्त की।

एलएंडटी का यह कॉम्प्लेक्स देश के प्रमुख रक्षा निर्माण केंद्रों में शामिल है। यहां सेना के लिए बख्तरबंद वाहन, तोप प्रणाली और विभिन्न सैन्य प्लेटफॉर्म का निर्माण, संयोजन और परीक्षण किया जाता है। प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत हो रही प्रगति का अवलोकन किया।

इसके बाद प्रधानमंत्री सूरत में 12,421 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेज समेत कई महत्वपूर्ण हाईवे शामिल हैं। इसके अलावा वह शहर में विभिन्न फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, अंडरपास और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री 4,732 करोड़ रुपये की लागत वाली चार नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें एनएच-56 पर धामासिया से बिटाडा और नसरपोर से मलोथा तक फोर लेन सड़क निर्माण, रिलायंस क्षेत्र के पास छह लेन वाहन अंडरपास तथा सूरत-हजीरा सेक्शन में कावास क्षेत्र में फ्लाईओवर परियोजना शामिल है।

विश्व पर्यावरण दिवस के मद्देनजर इस बार कार्यक्रम को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शहर में कार्यक्रम से जुड़े बड़े बैनर नहीं लगाए गए और कार्यकर्ताओं से साइकिल तथा ई-वाहनों का उपयोग करने की अपील की गई। आम लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम ने 450 से अधिक ई-बसों का संचालन किया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री दमन से लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की बंदरगाह और पर्यटन विकास परियोजनाओं का भी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी, व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.