क्या छिन जाएगी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी? चयन समिति की बैठक पर टिकी सबकी नजरें

 मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति की अहम बैठक शनिवार को होने जा रही है, जिसमें भारतीय टी20 टीम के भविष्य को लेकर कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर की अगुवाई में होने वाली इस बैठक में कप्तान सूर्यकुमार यादव की भूमिका, आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज और 2026 एशियाई खेलों के लिए टीम चयन पर चर्चा होगी।

सबसे अधिक नजरें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर टिकी हुई हैं। चयनकर्ताओं को यह तय करना है कि आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में सूर्यकुमार टीम की कमान संभालेंगे या किसी नए खिलाड़ी को मौका दिया जाएगा। हाल के समय में सूर्यकुमार का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। आईपीएल 2026 में उन्होंने 13 पारियों में 270 रन बनाए, जबकि उनका औसत 20.76 रहा। टी20 विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन औसत रहा, जिससे उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों पर सवाल उठे हैं।

बैठक में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के नाम पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। अपने पहले पूर्ण आईपीएल सत्र में वैभव ने आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट विशेषज्ञों और चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। खासकर नॉकआउट मुकाबलों में उनकी शानदार पारियों ने उन्हें राष्ट्रीय टीम की दौड़ में ला खड़ा किया है।

हालांकि टीम में जगह बनाना उनके लिए आसान नहीं होगा। शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी पहले से मजबूत दावेदार हैं। वहीं मध्यक्रम के लिए श्रेयस अय्यर और रजत पाटीदार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। दोनों खिलाड़ियों ने पिछले दो आईपीएल सीजन में बल्लेबाजी और कप्तानी से प्रभावित किया है।

चयन समिति एशियाई खेल 2026 के लिए भी टीम का चयन करेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत अपनी पहली पसंद की टीम भेजता है या युवा खिलाड़ियों को अवसर देता है। इसके अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कितना महत्व मिलता है, इस पर भी सभी की नजरें रहेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.