किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! घेरबाड़ योजना की पहली किश्त जारी, मंत्री ने दिए खास निर्देश

 देहरादून। उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, कार्यक्रमों और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से किसानों तक पहुंचाया जाए।

बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने एक जून से 30 जून तक चलाए जा रहे देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए समय रहते सभी जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

गणेश जोशी ने ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि खेती की लागत कम हो और उत्पादन बढ़ सके। उन्होंने अधिकारियों से अभियान में अधिकतम किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एप्पल मिशन की भी समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने सेब उत्पादकों को मिलने वाली राजसहायता का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए। साथ ही सेब पैकिंग बॉक्स की उपलब्धता और अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा, ताकि बागवानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने प्रदेश में पॉलीहाउस निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे किसानों को वर्षभर बेहतर उत्पादन का अवसर मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा घेरबाड़ योजना के लिए स्वीकृत 90 करोड़ रुपये की राशि में से पहली किश्त के रूप में 25 करोड़ रुपये राज्य को प्राप्त हो चुके हैं।

इस पर मंत्री ने निर्देश दिए कि उपलब्ध बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक किसानों को घेरबाड़ योजना का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

बैठक में सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, कृषि एवं उद्यान महानिदेशक वंदना सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक उद्यान आर.के. सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.