आम से बाजार तक का सफर: झारखंड में महिला उद्यमियों और किसानों को मिला नया मंच

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) की ट्राइबल बिजनेस डेवलपमेंट उप समिति की ओर से सोमवार को चेंबर भवन में झारखंड आम महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड की समृद्ध आम संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों और आम आधारित उत्पाद निर्माताओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना था।

उप समिति की चेयरपर्सन माला कुजूर के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में आम की विभिन्न किस्मों और आम से तैयार उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में अचार, चटनी, आम पापड़, जूस, स्क्वैश और अन्य खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। साथ ही प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें गुणवत्ता, प्रस्तुति और नवाचार के आधार पर मूल्यांकन किया गया।

महोत्सव का मुख्य संदेश “फ्रॉम मैंगो टू मार्केट, सेलेब्रेटिंग इनोवेशन एंड ट्रेडिशन” और “आम जो बनाए आपको खास, स्वाद भी, सेहत भी, समृद्धि भी” रहा। आयोजन ने यह संदेश दिया कि कृषि आधारित उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय उद्यमिता को नई पहचान दी जा सकती है।

माला कुजूर ने कहा कि यह आयोजन केवल आम के स्वाद का उत्सव नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, जनजातीय व्यवसाय, कृषि आधारित आजीविका और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़कर किसानों और महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में भास्कर कच्छप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आरती कुमारी द्वितीय, रिंकू मुरारका तृतीय और सोनी पाठक चतुर्थ स्थान पर रहीं। अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. शिवेंद्र कुमार एवं विशिष्ट अतिथियों ने विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार प्रदान किए। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.